पावर प्लांट में शराब को लेकर बवाल, TI घायल

Uproar over alcohol at power plant; TI injured.

रायपुर। रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित निजी पावर प्लांट में रविवार देर रात शराब बेचने के विवाद को लेकर मजदूरों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद झड़प और पथराव में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें खरोरा थाना प्रभारी (TI) को चोट आई है। रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के कांच भी टूट गए।

बताया जा रहा है कि प्लांट परिसर में शराब बेचने को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच कहासुनी बढ़ गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई और पथराव होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया।

सरपंच की गाड़ी पर भी पथराव

विवाद की जानकारी मिलने पर रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उनकी गाड़ी भी पथराव की चपेट में आ गई। वाहन के कांच टूट गए। हालात बिगड़ने की सूचना पुलिस को दी गई।

खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें थाना प्रभारी को चोट लगी। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी है।

अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्लांट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी। फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

पुलिस टीम ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान पथराव में TI को चोट लगी। पुलिस अब पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। शराब की बिक्री को लेकर विवाद कैसे शुरू हुआ और हिंसा में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस बोली- मामले की जांच जारी

डीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। सरपंच के मौके पर पहुंचने के दौरान भी पथराव हुआ, जिससे उनकी गाड़ी के कांच टूट गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घटना की जांच की जा रही है।

Exit mobile version