रायपुर में प्रदर्शन के दौरान बवाल, NSUI-युवा कांग्रेस पर पुलिस का शिकंजा
Uproar during protest in Raipur; police crack down on NSUI and Youth Congress.

रायपुर। राजधानी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतला दहन के दौरान हुए युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ के प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने 9 नामजद नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एफआइआर दर्ज की है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाने और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने जैसी घटनाएं हुईं।
महिला आरक्षक सविता यादव की शिकायत पर एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, अमित शर्मा, संस्कार पांडेय, तारिक अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी, रामायण सिंह, विकास कुमार, श्रद्धा नाथ एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुतला दहन के दौरान बिगड़े हालात
एफआइआर के मुताबिक 21 जुलाई को अंबेडकर चौक पर दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ने के विरोध में युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शनकारियों को कई बार शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने और सड़क बाधित नहीं करने की समझाइश दी गई, लेकिन इसके बावजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया। पुलिस ने सुरक्षा घेरे के माध्यम से आग बुझा दी, जिसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए।
महिला आरक्षक का हाथ मरोड़ने का आरोप
शिकायत के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पुलिस द्वारा रास्ता खाली कराने का प्रयास करने पर प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। महिला आरक्षक सविता यादव ने आरोप लगाया है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनका बायां हाथ पकड़कर जोर से मरोड़ा गया, जिससे उन्हें चोट आई।



