छत्तीसगढ़

गरियाबंद पुलिस की अनोखी पहल,नक्सल प्रभावित ग्राम नगरार में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित

Unique initiative of Gariaband Police, Community Policing Program organized in Naxal affected village Nagarar

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद

गरियाबंद – जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को मजबूत करने की दिशा में गरियाबंद पुलिस ने सराहनीय पहल की है। थाना मैनपुर क्षेत्र के ग्राम नगरार में आज कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यक्रम में गरियाबंद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा स्वयं अपनी टीम के साथ पहुंचे और ग्रामीणों से सीधी बातचीत की।
उन्होंने गांव के बच्चों, प्रमुखों और महिलाओं से संवाद कर बिजली, पानी, स्कूल और भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां सुनीं।
पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
बच्चों को बैग-चप्पल, महिलाओं को साल-साड़ी वितरण
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को स्कूल बैग, चप्पल, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए।
वहीं ग्रामीण महिलाओं को साल और साड़ी देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से गांव के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और आत्मीयता और भी गहरी हुई।
आत्मसमर्पण नीति की दी जानकारी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने शासन की आत्मसमर्पण नीति के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जो नक्सली अपने परिवार और समाज से बिछड़कर हिंसा के मार्ग पर हैं, वे अब मुख्यधारा में लौट सकते हैं।
ग्रामीणों के माध्यम से यह संदेश सक्रिय नक्सलियों तक पहुँचाया गया कि वे आत्मसमर्पण कर शांति और विकास की राह अपनाएं।
आत्मसमर्पण हेतु संपर्क नंबर जारी
आत्मसमर्पण से जुड़ी जानकारी गांव में जगह-जगह पोस्टर लगाकर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि कोई भी नक्सली दूरभाष नंबर 94792-27805 पर संपर्क कर या अपने नजदीकी पुलिस थाना अथवा कैंप में हथियार सहित आत्मसमर्पण कर सकता है।

Related Articles

Back to top button