छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बस्तर दौरा 18 मई से

Union Home Minister Amit Shah's two-day Bastar visit begins on May 18

रायपुर: बस्तर को माओवादी आतंक से मुक्ति दिलाने के संकल्प को पूरा करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार बस्तर प्रवास पर आ रहे हैं। उनके इस दो दिवसीय (18 व 19 मई) दौरे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक ‘विजय उत्सव’ के रूप में मनाने की पुरजोर तैयारियों में जुट गई है।

रायपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें गृह मंत्री के भव्य अभिनंदन की रूपरेखा तैयार की गई।

चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक में कहा कि बस्तर से माओवाद के खात्मे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री का यह पहला दौरा बेहद ऐतिहासिक है। इस बेहद महत्वपूर्ण प्रवास के दौरान देश के चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी बस्तर में मौजूद रहेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को समय सीमा के भीतर और पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

विकास की नई धारा से जुड़ेगा बस्तर

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का बस्तर आगमन इस क्षेत्र के लिए एक सुनहरे युग की शुरुआत है। बस्तर से लाल आतंक को समूल समाप्त करने का जो दृढ़ संकल्प लिया गया था, वह अब सिद्ध हो चुका है। अब बस्तर विनाश की राह छोड़ विकास की नई धारा से जुड़ने जा रहा है।

तैयारियों की रूपरेखा: बैठक के दौरान शहर के सभी प्रमुख मार्गों की साज-सज्जा, झंडे और होर्डिंग्स लगाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button