रायपुर। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह एक दिन के प्रवास पर आज रायपुर पहुंचे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय मंत्री श्री शाह का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल पूर्ण होने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महासम्पर्क अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री श्री शाह प्रवास पर है। वे केंद्र सरकार की उपलब्धियाँ जनता के साथ साझा करेंगे।
रायपुर विमानतल में कुछ देर रुकने के बाद केंद्रीय मंत्री श्री शाह हेलीकॉप्टर से भिलाई के लिए रवाना हुए । गृह मंत्री शाह दोपहर लगभग 1 बजे भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचे । इसके बाद वे भिलाई की पंडवानी गायिका एवं पद्मश्री उषा बारले से मुलाकात करने उनके घर सेक्टर-1 जाएंगे। तदोपरांत , केंद्रीय गृह मंत्री दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में एक महती जनसभा में उन लाभार्थियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, अमित शाह 50 मिनट इस सभा में मौजूद रहेंगे। आमसभा के पश्चात केंद्रीय मंत्री शाह मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।
