सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत ग्राम बीरेझर, ब्लॉक निकुम, ग्राम बोरवाय, ब्लॉक पाटन, एवं ग्राम अरसनारा,ब्लॉक निकुम, जिला दुर्ग में निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य जांच,चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराना था।
ग्राम बीरेझर में आयोजित शिविर में कुल 44 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई, जिनमें 09 पुरुष एवं 35 महिलाएं शामिल थीं। शिविर में बीएसपी के सीएसआर विभाग की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिन कुमार महंत, फार्मासिस्ट श्री विविध बर्छिहा, नर्सिंग स्टाफ श्री मोहम्मद सिराज तथा पंजीयन कार्य में सहयोग हेतु श्री राकेश कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। जिला चिकित्सालय की सीएचओ (एफ) सुश्री प्रिया कश्यप ने भी शिविर में सहयोग दिया। शिविरमें उपस्थित ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के साथ निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
ग्राम बोरवाय में आयोजित शिविर में कुल 44 लोगों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 16 पुरुष एवं 28 महिलाएं शामिल थीं। इस शिविर में बीएसपी के सीएसआर विभाग की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रणय दत्ता, फार्मासिस्ट श्री मनीष कुमार, नर्सिंग स्टाफ सुश्री रेणुका तथा पंजीयन कार्य में सहयोग हेतु श्री विवेक ध्रुव ने अपनी सेवाएं दीं। जिला चिकित्सालय की सीएचओ सुश्री गायत्री चंद्राकर ने भी शिविर में सहयोग प्रदान किया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
ग्राम अरसनारा, ब्लॉक निकुम, जिला दुर्ग में भी निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 43 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 11 पुरुष एवं 32 महिलाएं शामिल थीं। शिविर में बीएसपी के सीएसआर विभाग की ओर से डॉ. रवींद्र कश्यप, फार्मासिस्ट श्री मनीष कुमार, नर्सिंग स्टाफ सुश्री रेणुका तथा पंजीयन कार्य में सहयोग हेतु श्री विवेक ध्रुव ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
तीनों शिविरों में कुल 131 ग्रामीण लाभान्वित हुए, जिनमें 36 पुरुष एवं 95 महिलाएं शामिल थीं। शिविरों के दौरान लाभार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का आकलन कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इन शिविरों का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान करने तथा लोगों को उचित चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया। ऐसे स्वास्थ्य शिविर स्थानीय स्तर पर बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाते हैं तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने कीआवश्यकता को कम करते हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग की यहपहल सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन तथा ग्रामीण समुदायों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रति बीएसपी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रकार के जन कल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से बीएसपी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बेहतर बनाने में निरंतर योगदान दे रहा है।
