रीवा _मप रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जिले के प्रसिद्ध क्योंटी जलप्रपात में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार दोनों युवक लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।मृतकों की पहचान आयुष गौतम (19 वर्ष), पिता अनिल गौतम, निवासी शिगटी तथा संतोष पटेल (23 वर्ष), पिता रामा पटेल, निवासी छत्तरगढ़, थाना नईगढ़ी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला रेस्क्यू सेंटर (DRC) और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई की गहराई और दुर्गम स्थल होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बताया गया है कि दोनों युवक खाई में गिरने के बाद नीचे मौजूद चट्टानों से टकरा गए थे, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।करीब तीन घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस, डीआरसी और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस तथा डीआरसी के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव बरामद किए गए।इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
