छत्तीसगढ़

7KG गांजे के साथ दो तस्कर दबोचे गए

Two smugglers nabbed with 7 kg of cannabis.

रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती और सरस्वती नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 7 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 2.35 लाख रुपए आंकी गई है।

पुरानी बस्ती थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भाठागांव रिंग रोड स्थित वालफोर्ट गेट के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अरविंद कुमार (35), निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.842 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा तस्करी और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस आगे जांच कर रही है।

दूसरी कार्रवाई सरस्वती नगर थाना पुलिस ने की। सूचना मिली थी कि पंडित रविशंकर शुक्ल हेलिपैड की दीवार के पास झाड़ियों और घुरवा के नजदीक एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी जनरैल सिंह (40), निवासी कुकुरबेड़ा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक बोरी में रखा 4.136 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 2.05 लाख रुपए आंकी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में बरामद गांजे के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button