लोकेशन रीवा रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
मनगवां तहसील के ग्राम नदना में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्री रवीन्द्र सिंह अपने कच्चे मकान की मरम्मत करा रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई। इस हादसे में मकान मालिक रवीन्द्र सिंह सहित मजदूर गणेश कोल और रिंकू कोल दब गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम संजय जैन और थाना प्रभारी बैकुंठपुर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रवीन्द्र सिंह (पुत्र मकरजध्वज सिंह) और गणेश कोल (पुत्र बैशाखू कोल) की मौत हो गई, जबकि रिंकू कोल की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और अंत्येष्टि हेतु 5-5 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं घायल रिंकू कोल को भी सहायता राशि दी जाएगी।
