रिपोर्टर – सुभाष मिश्रा, रीवा
रीवा। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नदना में शनिवार को एक कच्चा मकान ढह जाने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नदना निवासी रावेंद्र सिंह उर्फ पप्पू अपने जर्जर हो चुके पुराने कच्चे मकान को गिराकर नया मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शनिवार को दीवार तोड़ने का कार्य चल रहा था कि अचानक पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे में मकान मालिक रावेंद्र सिंह उर्फ पप्पू सहित मजदूर गणेश कोल और रिंकू कोल मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकालकर संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने मकान मालिक रावेंद्र सिंह और मजदूर गणेश कोल को मृत घोषित कर दिया। जबकि रिंकू कोल गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
बताया गया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर घटित हुआ। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
