जरूरतमंद दो बुजुर्गों को मिली व्हीलचेयर, जनपद सदस्य भीम निषाद की सराहनीय पहल

Two elderly people in need received wheelchairs, a commendable initiative by District Member Bhim Nishad

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद।

गरियाबंद। जिला मुख्यालय गरियाबंद से लगे ग्राम मालगांव एवं ग्राम कोदोबतर के दो जरूरतमंद एवं पैरालाइज्ड बुजुर्गों को जनपद पंचायत गरियाबंद के जनपद सदस्य भीम निषाद के प्रयासों से व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इस मानवीय पहल से दोनों बुजुर्गों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

ग्राम मालगांव निवासी बिसाहू निषाद एवं ग्राम कोदोबतर निवासी भुवन विश्वकर्मा, दोनों ही लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित हैं, जिनके चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई हो रही थी। उनकी इस पीड़ा को समझते हुए जनपद सदस्य भीम निषाद ने संवेदनशीलता दिखाते हुए व्हीलचेयर दिलाने की पहल की, जिससे अब वे दैनिक जीवन में कुछ हद तक आत्मनिर्भर हो सकेंगे।

इस सराहनीय कार्य में जनपद पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार सिंह नागेश की भूमिका भी अहम रही, जिनके सहयोग से यह कार्य त्वरित रूप से संपन्न हो सका।

स्थानीय ग्रामीणों एवं परिजनों ने जनपद सदस्य भीम निषाद की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लगातार जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहते हैं और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दे रही है।

इस अवसर पर फारुख चौधरी (वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता) अब्दुल रहीम (उप सरपंच, ग्राम पंचायत मालगांव) लक्ष्मण ध्रुव (वार्ड पंच) भूपेंद्र ध्रुव सरपंच ग्राम पंचायत मजरकट्टा, मनीष ध्रुव पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत बहेराबूढ़ा, डोमार सिंह ठाकुर करा रोपण अधिकारी जनपद पंचायत गरियाबंद, सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जनपद सदस्य भीम निषाद ने कहा कि “समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की मदद करना ही मेरी प्राथमिकता है। आगे भी जरूरतमंदों के लिए हर संभव सहयोग करता रहूंगा।”

Exit mobile version