टक्कर के बाद एक करोड़ की मांग का आरोप, ट्रक चालक ने की आत्महत्या

Truck driver commits suicide after allegation of ₹1 crore demand following collision.

दंतेवाड़ा। करीब दो सप्ताह पहले बंजारी घाट में सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मर्सिडीज कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आए डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशॉट और गवाहों के बयान के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार 11 जून को बंजारी घाट के पास ट्रक और मर्सिडीज कार की टक्कर हुई थी। आरोप है कि हादसे के बाद मर्सिडीज चालक सागर हेमला ने ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। कार क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर उससे रुपये की मांग की गई। आरोप यह भी है कि रुपये नहीं देने पर ताम्रध्वज को जान से मारने तथा उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

मानसिक रूप से परेशान था ताम्रध्वज

जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद ताम्रध्वज मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था। अगले दिन उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें उसने अपने साथ हुई प्रताड़ना और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया था। मृतक के स्वजन ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद गीदम थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए तथा इंटरनेट मीडिया पर अपलोड वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशाट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बीजापुर जिले के गंगालूर निवासी सागर हेमला (42) को गिरफ्तार कर लिया गया।

मांगे गए थे एक करोड़

ताम्रध्वज के चाचा हेमसिंग ने दावा किया कि हादसे के बाद ताम्रध्वज के साथ मारपीट की गई और उससे एक करोड़ रुपये की मांग की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित लगातार धमकी दे रहा था, जिससे ताम्रध्वज गहरे तनाव में आ गया। एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अभी जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version