छत्तीसगढ़हमर प्रदेश/राजनीति

दूसरे सप्ताह के जनदर्शन कार्यक्रम में नागरिकों में जबरदस्त उत्साह


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास कार्यालय में आज दूसरे सप्ताह के जनदर्शन कार्यक्रम में नागरिकों में जबरदस्त उत्साह रहा। मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात करने और अपने आग्रह-अनुरोध उन्हें प्रत्यक्ष सौंपने के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग आए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रमवीरों के मेधावी बच्चों को दो-दो लाख रूपए के चेक भी प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने निवास कार्यालय परिसर में अपनी मां के नाम दहीमन का पौधा लगाया। जनदर्शन स्थल के पास स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया था, जिसका नागरिकों ने लाभ उठाया। आज के कार्यक्रम में अनेक ऐसे लोग मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहने आए थे, जो पिछले जनदर्शन में आए थे और उनके आवेदनों का निराकरण भी हो गया था।  

आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 13 बच्चों को दो-दो लाख रूपए के चेक दिए गए। इसमें से एक लाख रूपए प्रोत्साहन के रूप में और एक लाख रूपए स्कूटी खरीदने के लिए दिए गए। पंजीकृत निर्माणी श्रमिक परिवारों के पुरस्कृत बच्चों ने दसवीं और बारहवीं मेें 2023-24 के टॉप-10 सूची में स्थान बनाया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपनी मां के नाम दहीमन का, जो पौधा लगाया है, वह औषधीय गुणों से युक्त है। यह पौधा सरगुजा अंचल में पाया जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भी मां के नाम अपने-अपने निवास या गांव में पौधा लगाने की अपील की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में लोगों से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की थी।

इस बार के जनदर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग शामिल हुए, जो पिछले बार के जनदर्शन में भी आए थे, तब उनके आवेदनों का निराकरण मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कर दिया गया था। इन लोगों ने त्वरित कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इनमें दिव्यांग भी शामिल थे, जिन्हें श्री साय के निर्देश पर ट्रायसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए गए थे। स्वास्थ्य शिविर में लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। खून जांच, बीपी की जांच, शुगर और अन्य आम बीमारियों की जांच की सुविधा शिविर में उपलब्ध कराई गई थी। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार सदियों तक लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों के पास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उनसे आवेदन लिए और मौके पर ही ट्राईसायकल सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए। बागबाहरा वन क्षेत्र में निवासरत कमार परिवारों के बेदखली की नोटिस की जांच के निर्देश वन अधिकारियों को दिए। रायपुर के अशोका रतन कॉलोनी के समीप की सड़क की मरम्मत कराने तथा आरक्षक भरत लाल बरेठ के किडनी प्रत्यारोपण एवं इलाज के बकाया देयक के भुगतान के संबंध में उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मोतीलाल पटेल की पांच साल की बेटी डॉली जो थैलेसीमिया से पीड़ित है, उसके इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखण्ड के ग्राम परसा की रहने वाली कैंसर पीड़ित मितानीन उर्मिला देवी को इलाज के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मदद देने की बात कही।

जनदर्शन का असर – मुख्यमंत्री का आभार जताने पहुंचे किसान

मुख्यमंत्री के जनदर्शन का असर मैदानी स्तर पर दिखने लगा है। राजधानी रायपुर से सटे सेजबहार के युवा किसान ललित साहू अपने गांव के अन्य किसानों के साथ आज प्रदेश के संवेदनशील मुखिया विष्णु देव साय को धन्यवाद देने आए थे। उन्होंने और उनके साथी किसानों ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात कर अपने खेतों से लगी शासकीय जमीन के कब्जामुक्त होने के बाद खेत आने-जाने के लिए पुनः रास्ता मिल जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

सेजबहार के किसान ललित साहू, कामता प्रसाद, शारदा राम साहू, लाकेश्वर प्रसाद साहू और कामता प्रसाद साहू विगत 27 जून को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पहले जनदर्शन में अपनी समस्या लेकर आए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया था कि उनके खेतों से लगे सरकारी जमीन पर कुछ लोग अतिक्रमण कर अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं। इससे उनके खेत आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व अमले की टीम ने गांव पहुंचकर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त करा लिया है। इससे किसानों को अपने खेत आने-जाने का रास्ता वापस मिल गया है। उन्होंने पूरे सेज बहार वासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।

जनदर्शन में सुनने को मिला अजीबो-गरीब मामला  

मुख्यमंत्री के जनदर्शन कार्यक्रम में आज बाईक चोरी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया। रायपुर के चौबे कॉलोनी निवासी भूपेंद्र साहू ने मुख्यमंत्री को अपनी व्यथा बताई, कि कुछ समय पहले उनकी बाइक चोरी हो गई। अब दिक्कत यह है कि जिसने बाइक चुराई, वो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहा है और दो बार उनके पास दो हजार रुपए का चालान आ गया है। मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों को भूपेन्द्र की बाइक दिलाने और चालान को माफ करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में मुख्यमंत्री को बिटिया की शादी का न्यौता

जनदर्शन में मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है। आज जनदर्शन में बहुत सारे ऐसे आवेदन आए, जिसमें मुख्यमंत्री से लोगों ने उनकी योजनाओं से अपने जीवन में आई खुशहाली के लिए आभार व्यक्त किया। इनमें से एक चेतन भी थे, जो जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात कर अपनी बिटिया की शादी में शामिल न्यौता दिया। मुख्यमंत्री ने श्री चेतन को बिटिया के वैवाहिक कार्यक्रम के लिए अग्रिम बधाई दी और कहा कि आपकी बिटिया को मेरा भरपूर आशीर्वाद है। बिटिया सुखी रहे।

दिव्या को इलाज के लिए डेढ़ लाख की मदद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में भानुप्रतापपुर की रहने वाली 10 वर्षीय बालिका दिव्या विश्वकर्मा को हाथ में आई विकृति के इलाज के लिए डेढ़ लाख रूपए की सहायता राशि की मंजूरी दी।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button