हमर प्रदेश/राजनीति

वृक्षारोपण महाभियान: 500 एकड़ में लगेंगे पौधे

केलो नदी के 50 एकड़ तट में होगा पौधरोपण, पौधे लगाने के साथ, उसकी सुरक्षा पर रहेगा जोर, 3 साल तक देखभाल की होगी व्यवस्था, ताकि पौधे जड़ें जमा कर पेड़ बने

रायगढ़ । इस मानसून जिले में वृहत वृक्षारोपण की तैयारी चल रही है। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा की पहल से वृक्षारोपण महाभियान में जिले में 500 एकड़ में पौधे लगाए जायेंगे। पौधरोपण के साथ उसके सुरक्षा पर भी जोर रहेगा, जिससे ये पौधे जड़ें जमाएं, बढ़े और पेड़ बने।
कलेक्टर श्री सिन्हा के मार्गदर्शन पर महाभियान से जुड़े सभी विभागों की एक संयुक्त कार्ययोजना बनाई गई है। वन तथा उद्यानिकी विभाग ने पौधे तैयार किए हैं। इस महाभियान में करीब 3.79 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए मनरेगा एवं डी.एम.एफ.मद से वृक्षारोपण का कार्य किये जाने हेतु परियोजनायें तैयार की गई है। नदी तटों, नहर किनारे, ब्लॉक प्लांटेशन, सड़क किनारे वृक्षारोपण, अमृत सरोवरों के किनारे वृक्षारोपण आदि कार्य विभिन्न एजेंसियों एवं सी.एल.एफ.समूहों के माध्यम से की जायेगी।

इस वृक्षारोपण महाभियान में इस बात का खास ध्यान रखा जा रहा है कि प्लांटेशन के बाद पौधों के जीवित रहने के लिए पानी और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था हो। जिसके लिए डीएमएफ और मनरेगा से प्रावधान किए जा रहे हैं। पानी के लिए बोर और सुरक्षा के लिए फेंसिंग और ट्री गार्ड का प्रबंध किया जा रहा है। मनरेगा से लेबर कार्य स्वीकृत किया गया है। पौधों के 3 साल तक देखरेख का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि पौधे मिट्टी में अच्छे से जड़े जमा सकें और विकसित होकर पेड़ बने।

500 एकड़ भूमि में लगेंगे 3.79 लाख पौधे
वृहत वृक्षारोपण परियोजना के अंतर्गत आगामी मानसून सत्र में वृहत रूप से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जायेगा। इस हेतु जिले में 500 एकड़ भूमि चिन्हांकित की गयी है। उक्त भूमि में लगभग 3.79 लाख पौधों का रोपण किया जायेगा। यह वृहत वृक्षारोपण कार्य शासन के विभिन्न विभागों जैसे-उद्यान विभाग, रेशम एवं वन विभाग के द्वारा सम्मिलित रूप से किया जायेगा। रेशम विभाग द्वारा 3 लाख 7 हजार 500 अर्जुन पौधे, वनविभाग के दोनों वनमंडलों द्वारा करीब 42 हजार मिश्रित पौधों और उद्यान विभाग द्वारा साढ़े छ हजार फलदार पौधों का रोपण कर मिश्रित फलोद्यान तैयार किया जाएगा। जिसमें प्रमुख रूप से आम, कटहल, नींबू, अमरूद जैसे पौधे लगाए जायेंगे।

50 एकड़ नदी तट पर होगा सघन पौधरोपण
वृक्षारोपण महाभियान के तहत नदी तट का कटाव रोकने तटीय क्षेत्र में लगभग 50 एकड़ में सघन पौधरोपण किया जाएगा। शासन की योजना के साथ अन्य मदों और एजेंसियों के माध्यम से यह कार्य किया जाएगा। इसमें नदीतट संरक्षण वृक्षमाला योजना के तहत रायगढ़ जिले में 13 एकड़ की भूमि पर सघन वृक्षारोपण का कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही उद्यानिकी व अन्य एजेंसी के माध्यम से भी नदी तट के किनारे पौधे लगाए जायेंगे। इस योजना का उद्देश्य नदी तट के कटाव को रोकना, नदी की धारा का 12 माह प्रवाह बनाये रखना एवं धारा प्रवाह से मृदा जल तालिका को पुनर्जीवित करना है, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़े।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button