सरोना फ्लाईओवर पर ट्रेलर हादसा, 40 मिनट तक जाम

Trailer accident on Sarona flyover; traffic jam for 40 minutes.

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया। 6 ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर सरोना ब्रिज से गुजरते समय बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद दुर्ग-रायपुर रोड पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रेलर पलटते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और क्रेन की मदद से राहत और हटाने का कार्य शुरू किया गया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेलर को हटाकर यातायात सामान्य किया गया।

हादसे में ट्रेलर में लदे ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, लेकिन चालक सुरक्षित है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने जारी की थी एडवाइजरी

यातायात प्रभावित होने के दौरान पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले हल्के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी थी। पुलिस ने सुझाव दिया कि वाहन चालक सरोना मार्ग की बजाय एम्स-मोहबाबाजार मार्ग से शहर में प्रवेश करें, ताकि जाम से बचा जा सके।

यातायात सामान्य

डीएसपी सतीश ठाकुर के अनुसार, अब मार्ग पूरी तरह सामान्य हो चुका है और यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।

Exit mobile version