सड़क हादसे में दो मासूमों की दर्दनाक मौत

Tragic death of two innocent children in a road accident.

बालोद। डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि बच्चों का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

परसुली गांव के पास हुआ हादसा

परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक सीजी 24 एस 1107 से निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक सीजी 08 एटी 360 ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में जाकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो मासूमों ने तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया। राजनांदगांव में उपचार के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर गंभीर हालत में उपचाररत हैं।

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

दो मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परसुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम पसर गया। हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। देवरी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और कार के रॉन्ग साइड में आने व तेज रफ्तार सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version