गरियाबंद: गरियाबंद जिला मुख्यालय से महज 16 किलोमीटर दूर ग्राम आमदी (द) के सती नाला में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त नाले में अनियंत्रित होकर पलट गया, हालांकि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। खास बात यह है कि पिछले दिनों इसी नाले में स्कूटी सवार एक महिला भी गिर गई थी, जिसे इलाज के लिए गरियाबंद जिला चिकित्सालय लाया गया था। लेकिन यह कोई पहला मामला नहीं है, इस क्षतिग्रस्त नाले में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पिछले करीब 15 वर्षों से यहां उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग की जा रही है। पुल नहीं होने के कारण लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा भी बना हुआ है। पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चक्काजाम की चेतावनी भी दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने समझाइश देकर मामला शांत कराया था। यह मार्ग दूसरे जिलों को भी जोड़ता है, ऐसे में पुल निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।अब सवाल यह है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर क्या कदम उठाता है? क्या ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को अपनी मांग के लिए एक बार फिर चक्काजाम का रास्ता अपनाना पड़ेगा?