छत्तीसगढ़
टी.पी.एल. वर्कशॉप द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन
TPL Workshop organised a road safety awareness campaign

भिलाई इस्पात संयंत्र के टीपीएल वर्कशॉप द्वारा विगत दिनों प्रातःकाल 8:45 बजे “टी डी एस-1” के निकट फॉरेस्ट एवेन्यू (अग्निशमन मुख्यालय के सामने) सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन महाप्रबंधक (टीपीएल) श्री शैलेन्द्र कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।



संयंत्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया, इसमें उप प्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री प्रवीण व्यवहारे सहित विभाग के अन्य कर्मचारी एवं ठेका श्रमिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

अभियान के दौरान संयंत्र के भीतर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा विपरीत दिशा में वाहन न चलाने के संबंध में समझाइश दी गई। संयंत्र परिसर में हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 30 कि.मी./घंटा तथा भारी वाहनों के लिए 20 कि.मी./घंटा निर्धारित होने की पुनः जानकारी दी गई और इसके कड़ाई से अनुपालन पर बल दिया गया।


महाप्रबंधक (टी.पी.एल.) श्री शैलेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कर्मचारियों को जागरूक करते हुए कहा कि “सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग है। प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं सुरक्षित रहे और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहयोग करे।” सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आती है, बल्कि उत्पादकता एवं कार्यस्थल अनुशासन में भी सकारात्मक सुधार होता है।



