देशदेश-विदेशराजनीति

देश आज विश्वास के साथ कह रहा है, ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ : प्रधानमंत्री मोदी

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गुजरात के आणंद में चुनाव प्रचार किया। इस प्रचार के दौरान उन्होंने शास्त्री मैदान में एक रैली को भी संबोधित किया। रैली में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पूरा देश आज विश्वास के साथ कह रहा है, ‘फिर एक बार मोदी सरकार’। उन्होंने कांग्रेस के 60 वर्षों के कार्यकाल से भाजपा के 10 वर्षों के कार्यकाल की तुलना की। पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस के कार्यकाल को शासनकाल कहा। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस को पाकिस्तान का मुरीद बताया है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है।

आणंद में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया, “कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी, लेकिन मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है। संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।”

मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “आज लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कांग्रेस इतनी बौखला क्यों गई है। कांग्रेस आज फेक फैक्ट्री यानी फर्जी माल की फैक्ट्री बन गई है। मोहब्बत की दुकान बोलकर कांग्रेस झूठ का सामान क्यों बेच रही है?” उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस ने कभी एससी/एसटी की परवाह नहीं की। 90 के दशक से पहले कांग्रेस ओबीसी आरक्षण की भी पक्षधर नहीं थी। बरसों से ओबीसी समाज कहता रहा कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा मिले। कांग्रेस ने उनकी एक नहीं सुनी।”

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी समझा ही नहीं कि हमारे देश में आदिवासी समाज भी है। इतने साल तक कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अलग मंत्रालय और अलग बजट बनाया।

कांग्रेस को विभिन्न मुद्दों पर घेरा

पीएम मोदी ने कांग्रेस मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा, “देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। कांग्रेस के 60 साल में करीब 60 फीसदी ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 10 साल में भाजपा सरकार ने शत-प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई, यानी कि 20 प्रतिशत से भी कम घरों में। 10 साल में ही नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या आज 14 करोड़ हो गई है, यानी 75 फीसदी घरों में नल से जल पहुंचा है।”

रैली में पीएम मोदी ने किया वल्लभभाई पटेल का जिक्र

प्रधानमंत्री ने बताया कि कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह बहुत जल्दी चले गए, जिसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने आगे कहा, “मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं। आज मोदी देश को एक करने के सरदार साहब के सपने को पक्का कर रहा है। वहीं कांग्रेस देश को बांटने में जुटी है, कांग्रेस समाज में लड़ाई-झगड़ा कराना चाहती है।”

सुरेंद्रनगर में कांग्रेस पर भड़के पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेंद्रनगर में भी चुनाव प्रचार किया। यहां रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस को घेरा। पीएम मोदी ने बताया कि 10 साल पहले, हमारा देश लाखों-करोड़ों के घोटालों से शर्मसार था। 2जी, घोटाला, कोयला घोटाला, डिफेंस घोटाला, सीएजी घोटाला, हेलीकॉप्टर में घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला। कांग्रेस ने जल, थल, नभ तक हजारों-करोड़ रुपये के घोटाले किए थे। कांग्रेस रामभक्तों और शिवभक्तों में भेद करके उन्हें लड़ाना चाहती है। हजारों-हजार साल से चली आ रही हमारी परंपराएं जिन्हें मुगल भी तोड़ नहीं पाए, अब कांग्रेस उन्हें तोड़ना चाहती है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस और कितना नीचे गिरेगी?

पीएम मोदी ने आगे बताया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में लिखित में कहा है कि अब जो सरकारी टेंडर होंगे, उसमें भी मुसलमानों के लिए एक कोटा फिक्स कर दिया जाएगा। अब सरकारी ठेकों में भी धर्म के आधार पर आरक्षण लाया जाएगा क्या? देश आजाद हुआ तब से अब तक, सरकारी टेंडर देने की एक प्रक्रिया होती रही है। सारे पैरामीटर को देखते हुए ठेका मिलता है। जाति और धर्म के आधार पर ठेका नहीं मिलता।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button