रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग के एक इंस्पेक्टर पर कार्रवाई हुई है। नारायणपुर में पदस्थ TI विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने सस्पेंड कर दिया है।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश में कहा गया है कि विनीत दुबे ने अपने पद के अनुरूप काम नहीं किया और उनका व्यवहार नियमों के खिलाफ पाया गया।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी लीक होने के बाद विभाग ने जांच शुरू की थी।
आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर फरार आरोपी शोएब ढेबर दबिश से पहले ही निकल गया था।
दबिश से पहले ही निकल गया था शोएब ढेबर
इस मामले में पुलिस फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। आरोप है कि उसने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की योजना बनाई थी।
हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर वहां से निकल गया। इसके बाद गिरफ्तारी की गोपनीय रणनीति लीक होने की आशंका सामने आई। पुलिस विभाग ने इस मामले में आंतरिक स्तर पर जांच शुरू की।
रायपुर कमिश्नर की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
बस्तर आईजी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को पत्र के माध्यम से TI विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन भेजा था।
इसी प्रतिवेदन के आधार पर उनका आचरण संदिग्ध और विभागीय मर्यादा के विपरीत पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
दो आरक्षक भी पहले हो चुके हैं सस्पेंड
गोपनीय सूचना लीक होने के संदेह में पुलिस विभाग इससे पहले भी कार्रवाई कर चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया गया था।
