छत्तीसगढ़

तीन दोस्तों की आउटिंग बनी त्रासदी, युवक की चाकू मारकर हत्या

Three friends' outing turns into tragedy; young man stabbed to death

रायपुर। रायपुर से लगे मंदिर हसौद में शुक्रवार देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी। बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग है। पुलिस के अनुसार मृतक तोषक भारती और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। घटना से पहले तीनों साथ घूमने गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

बता दें कि मंदिर हसौद में 2 दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 22 मई से लापता भुवनेश्वर कुमार की लाश महासमुंद में मिली थी। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने पार्षद गोलू रात्रे और उनके 2 दोस्तों को गिरफ्तार किया था।

अब जानिए पूरा मामला

मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और एक नाबालिग ने तोषक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। नाबालिग और करण तोषक को पीटने लग गए। इस दौरान चाकू से हमला कर दिया। घायल तोषक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से इलाज के लिए आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियो के घर में तोड़फोड़

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की। वहीं घर के बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल किया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। मामले में करण ध्रुव और नाबालिग के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना के बाद गुस्साए कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों के घर और एक पुरानी स्कूटी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इस मामले में भी पुलिस अलग से कार्रवाई कर रही है।

8 दिन पहले युवक की हत्या कर रेत में दफनाया था शव

इसी मंदिर हसौद इलाके में 22 मई को लापता हुए भुवनेश्वर यादव हत्याकांड का खुलासा भी एक दिन पहले ही हुआ था। मामले में महासमुंद पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि शराब भट्ठी के पास पानी को लेकर विवाद और गाली-गलौज के बाद भुवनेश्वर यादव की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने शव को कार में ले जाकर महासमुंद के महानदी किनारे रेत में दफना दिया था। बाद में पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में नोहर रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button