रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के कोष्टा जियुला मोड़ के समीप हुआ, जहां सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों में पिता-पुत्र और एक महिला शामिल हैं। तीनों बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे।
जानकारी के अनुसार, चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा अपने बेटे शिवम विश्वकर्मा तथा रिश्तेदार शीतल विश्वकर्मा के साथ हनुमना से रीवा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रीवा से हनुमना की तरफ जा रही काले रंग की कार से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकरा गई, जबकि उसमें सवार लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए और परिवार में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया।
रायपुर कर्चुलियान थाने के एएसआई पदमेश मिश्रा ने बताया कि रीवा से जा रही कार और हनुमना की ओर से आ रही बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई है। दुर्घटना में एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर मौत हुई है। मृतक रिश्तेदारों के यहां बेटे शुभम विश्वकर्मा की 24 फरवरी को होने वाली शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है।
