रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जवा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वर्ष से हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन ईनामी आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी भीम बसोर, धीरज बसोर और राहुल बसोर तीनों ग्राम बिंझवार थाना जवा के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
मामला 23 जुलाई 2024 का है। उस दिन शनि बसोर पिता राजेंद्र बसोर निवासी बिंझवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके चाचा शिवप्रसाद बसोर पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज कर रहा था। मना करने पर उसने डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों राजेंद्र बसोर, राजू बसोर, राज बसोर, गुलाब बसोर और अनिल बसोर पर भी नरेश बसोर और धीरज बसोर ने लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी थी।
गंभीर रूप से घायल राजू बसोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ी गई थी।
पुलिस ने पहले चरण में शिवप्रसाद बसोर, नरेश बसोर और धीरज बसोर को गिरफ्तार किया था, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए थे जिन पर इनाम घोषित किया गया था।
लगातार निगरानी और दबिश के बाद जवा पुलिस ने अब फरार तीनों ईनामी आरोपियों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश साहू, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर साकेत, आरक्षक अभिषेक त्रिपाठी, धर्मेंद्र गुप्ता और सूरज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रीवा ने टीम की इस उत्कृष्ट कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
