मध्यप्रदेश
महिला न्यायाधीश को धमकी भरा पत्र, मांगी 500 करोड़ की रंगदारी
Threatening letter to woman judge, extortion of Rs 500 crore demanded

लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के त्योंथर न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश मोहनी भदौरिया को धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में जिंदा रहने के लिए 500 करोड़ रुपये देने की मांग की गई है। यह चौंकाने वाला पत्र स्पीड पोस्ट से न्यायालय पहुंचा।
पत्र भेजने वाले ने खुद को डकैत हनुमान का साथी बताया है। पत्र में साफ लिखा है कि तय रकम एक सितंबर की शाम बरगढ़ के जंगल में पहुंचाई जाए, वरना गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
शिकायत दर्ज, पुलिस अलर्ट पर
धमकी भरा पत्र मिलते ही न्यायाधीश मोहनी भदौरिया ने सोहागी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पत्र को जब्त कर लिया है और अब इसकी गंभीरता से जांच में जुट गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है—चाहे यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो या संगठित गिरोह की धमकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पत्र में लिखी गई फिरौती की रकम और उसमें उल्लिखित नामों की भी जांच हो रही है।



