कारोबारी के घर चोरी, 70 लाख की संपत्ति गायब

Theft at businessman's house; assets worth ₹70 lakh missing.

रायपुर। रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में कारोबारी के घर से करीब 70 लाख रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महज 12 दिन पहले घर में खाना बनाने के लिए रखा गया कुक अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

परिवार के नया रायपुर जाने का फायदा उठाकर आरोपियों ने बेडरूम में रखी अलमारी को पेचकस से खोला और उसमें रखी नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। रिश्तेदारों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आधिकारिक खुलासा करेगी।

कोयला कारोबारी के घर वारदात

पुलिस के मुताबिक, मोवा निवासी कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने महेंद्र कुमार यादव को 14 जुलाई से अपने घर में रसोइए के तौर पर काम पर रखा था। महेंद्र इससे पहले भी करीब आठ दिन उनके यहां काम कर चुका था। इसी वजह से उसे घर की दिनचर्या और परिवार के आने-जाने की पूरी जानकारी थी।

परिवार के बाहर जाते ही वारदात

रविवार को पंकज अग्रवाल परिवार के साथ दोपहर करीब 2 बजे निजी काम से नया रायपुर गए थे। घर में उस समय कुक महेंद्र मौजूद था। शाम करीब 7 बजे परिवार लौटा तो मुख्य दरवाजा बंद मिला। अंदर अंधेरा था। पीछे की तरफ जाने पर गेट खुला मिला और बेडरूम का दरवाजा भी खुला था।

51.50 लाख रुपए कैश गायब

अंदर जाकर देखा तो अलमारी के दोनों दरवाजे खुले थे। जांच में 51.50 लाख रुपए कैश गायब मिले। इसके अलावा पत्नी और बेटी के सोने के कंगन, गले का सेट, कान के आभूषण, गिन्नियां, झुमके, टॉप्स, ब्रेसलेट और करीब 20 चांदी के सिक्के भी नहीं थे।

मोबाइल बंद कर फरार हुआ था कुक

आरोपी महेंद्र ने चोरी की और लैपटॉप बैग में सामान भरकर फरार हो गया। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है। पंडरी पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फोरेंसिक टीम की मदद से जांच की जा रही है।

कॉलोनी और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, पुराने रिकॉर्ड, बिहार स्थित पते और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version