लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक अजीबोगरीब लेकिन मार्मिक दृश्य देखने को मिला। एक युवक हाथ में नारियल लिए दंडवत होता हुआ अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा। उसका यह अनोखा अंदाज वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मामला जिले के जवा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गाढ़ा 138 का है, जहां ग्रामीण पिछले कई वर्षों से अधूरी सड़क निर्माण की समस्या से जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 से लगातार सड़क निर्माण को लेकर शिकायतें की जा रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सड़क का टेंडर जारी हुआ, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका।
बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव तक एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं पहुंचने में भी दिक्कत होती है।
इसी समस्या से आक्रोशित होकर गांव के युवक धनेश सोनकर ने एक बार फिर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। वह हाथ में नारियल लेकर दंडवत होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा और जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराई। युवक का कहना है कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
अब सवाल यह है कि इस प्रतीकात्मक विरोध के बाद प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है और वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य कब तक शुरू होकर पूरा होता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनकी आवाज अनसुनी नहीं की जाएगी।
