गुस्से की कीमत, बड़ी मां को पहुंची गंभीर चोट

The price of anger: Badi Maa suffers serious injury.

बिलासपुर: न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र में घरेलू और पारिवारिक विवादों में बढ़ते आक्रोश का चिंताजनक मामला सामने आया है। अशोक नगर इलाके में सीढ़ियों से आने-जाने जैसी मामूली बात को लेकर भड़के विवाद में एक युवती ने अपने सगे ताऊ की पत्नी (बड़ी मां) पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीढ़ियों पर आमना-सामना होने पर भड़का विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडा के अशोक नगर में रहने वाली 18 वर्षीय युवती अदिति शर्मा ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता अदिति ने पुलिस को बताया कि उनके मकान के पास ही उनके दादा सतीश शर्मा के छोटे भाई अविनाश शर्मा का परिवार निवास करता है। दोनों परिवारों के घरों की छत पर जाने के लिए एक ही साझा सीढ़ी लगी हुई है, जिसका उपयोग दोनों पक्षों के सदस्य करते हैं। मंगलवार की सुबह करीब उसी समय यह हादसा हुआ जब अदिति की दादी शैलेंद्री शर्मा छत से काम निपटाकर नीचे उतर रही थीं। ठीक उसी वक्त उनके छोटे दादा की बेटी अक्षिता शर्मा छत की तरफ जा रही थी। संकरी सीढ़ी होने के कारण दोनों का बीच रास्ते में आमना-सामना हो गया।

बैट से सिर पर किया वार, हालत गंभीर

शिकायत के मुताबिक, रास्ता छोड़ने जैसी मामूली बात को लेकर अक्षिता शर्मा अचानक उग्र हो गई और उसने बुजुर्ग महिला शैलेंद्री शर्मा के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि अक्षिता ने पास ही रखे एक क्रिकेट बैट को उठाकर अपनी बड़ी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। बैट का सीधा वार वृद्धा के सिर पर लगा, जिससे वे वहीं बेहोश होकर गिर पड़ीं। घर में चीख-पुकार मचने के बाद आरोपी युवती वहां से हट गई। सरकंडा पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने और पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक गिरफ्तारी की जाएगी।

 

Exit mobile version