छत्तीसगढ़

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से बदलेगा लखनपुर नगर पंचायत का स्वरूप

The nature of Lakhanpur Nagar Panchayat will change with the expansion of basic facilities

कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने 283 लाख रूपए के विकास परियोजनाओं का किया भूमिपूजन

 

 

 

रायपुर । पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि लखनपुर का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इन परियोजनाओं के माध्यम से नगर की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी। नगर पंचायत लखनपुर में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज 283 लाख रूपए की लागत से पूर्ण होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल द्वारा किया गया।

 

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से छत्तीसगढ़ के लखनपुर नगर पंचायत का स्वरूप तेजी से बदलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भूमिपूजन की गई परियोजनाओं में सड़क, नाली, सामुदायिक अधोसंरचना सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं, जो न केवल नगर की मूलभूत जरूरतों को पूरा करेंगे बल्कि आने वाले समय में आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आधार भी बनेंगे। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से लखनपुर का स्वरूप आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में उभरकर सामने आएगा।

 

मंत्री श्री अग्रवाल ने नगर पंचायत लखनपुर के समस्त नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास की यह गति लगातार जारी रहेगी। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से ही लखनपुर को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। स्थानीय नागरिकों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल है और उन्होंने आशा जताई कि इसी तरह क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य होते रहेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button