बसरेही में अस्पताल की मांग पर तीसरे दिन भी आमरण अनशन जारी..

The hunger strike continues for the third day demanding a hospital in Basrehi.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

रीवा जिले के जवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बसरेही में अस्पताल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा पहले बसरेही में अस्पताल निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई थी, जिससे आसपास के कई गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिल सकती थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि अब अस्पताल को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है, जहां जनसंख्या कम है। इस फैसले से बसरेही और आसपास की पंचायतों के लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अस्पताल नहीं होने के कारण उन्हें इलाज के लिए जवा, अतरैला और चौखड़ी जैसे दूरस्थ स्थानों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक अस्पताल का निर्माण बसरेही में शुरू नहीं किया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री राजेंद्र शुक्ला, रीवा सांसद, सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह, कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार से मांग की है कि वे मामले में हस्तक्षेप कर अस्पताल का निर्माण बसरेही में ही सुनिश्चित कराएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल बनने से न केवल बसरेही बल्कि आसपास की पंचायतों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र का विकास तेज़ी से हो सकेगा।

Exit mobile version