पिंक पैंथर्स को हराकर घड़ियाल्स ने भरी हुंकार

The Ghariyals roared after defeating the Pink Panthers.

इंदौर। चंबल घड़ियाल्स ने मप्र लीग टी-20 टूर्नामेंट में जीत का छक्का लगाते अपना दबदबा बनाया। चंबल घड़ियाल्स ने रविवार को खेले गए मैच में इंदौर पिंक पैंथर्स को चार विकेट से पराजित किया। इसके साथ ही टीम ने इस टूर्नामेंट में अपना अजेय क्रम कायम रखा।

यह चंबल घड़ियाल्स की छह मैचों में छठवीं जीत है और टीम ने 100 प्रतिशत सफलता का रिकॉर्ड कायम रखा है।मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का मीडिया पार्टनर नईदुनिया है। डेली कॉलेज मैदान में आयोजित टूर्नामेंट में जोरदार फार्म में चल रही चंबल घड़ियाल्स का सामना सितारा खिलाड़ियों से सजी पिंक पैंथर्स टीम से हुआ, जिसकी अगुआई आईपीएल स्टार वेंकटेश अय्यर कर रहे है। हालांकि घड़ियाल्स के सामने पैंथर्स अपनी रफ्तार नहीं दिखा सके।

पैंथर्स टीम की शुरुआत खराब रही

इंदौर पिंक पैंथर्स टीम ने सभी विकेट खोकर 120 रन बनाए। जवाब में चंबल घड़ियाल्स टीम ने 1.5 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। पैंथर्स टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ओवर में ही टीम ने पांच रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। जिसमें स्टार बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर का विकेट भी शामिल था। अमन भदौरिया ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर अथर्व जोशी के डंडे बिखेरे।

इसके बाद आए वेंकटेश अय्यर ने एक चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर अमन भदौरिया ने उनके भी डंडे बिखेरते हुए पिंक पैंथर्स के खेमे में हलचल मचा दी। इसके बाद सिद्धार्थ पाटीदार और आयाम वर्मा ने 44 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। सिद्धार्थ पाटीदार 17 गेंदों पर 22 रन बनाकर रन आउट हुए, जिसके बाद पैंथर्स की पारी फिर लड़खड़ा गई।

त्रिपुरेश सिंह ने शानदार गेंदबाजी की

आयाम वर्मा ने 27 गेंदों पर 21 रन और शुभम राठौर ने 16 गेंदों पर तेजी से 22 रन का योगदान दिया। चंबल घड़ियाल्स की ओर से त्रिपुरेश सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए।

अमन भदौरिया और संदीप सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि मयूर पटेल ने तीन ओवर में मात्र 14 रन देकर एक विकेट लिया। इस प्रदर्शन के साथ त्रिपुरेश सिंह छह मैचों में 13 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए और पर्पल कैप पर कब्जा जमा लिया।

मध्य क्रम लय नहीं पकड़ सका

121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। अपूर्व द्विवेदी दो गेंदों में एक रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान शुभम शर्मा भी छह गेंदों पर 10 रनों की पारी खेलकर डगआउट लौट गए। फिर टीम का मध्य क्रम भी लय नहीं पकड़ सका और 16वें ओवर में चंबल घड़ियाल्स ने 107 रनों पर छह विकेट गंवा दिए थे।

ऐसा लग रहा था कि टीम लड़खड़ा रही है तभी गौतम रघुवंशी और अमन भदौरिया ने संयम से खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया और जिम्मेदारीभरे शाट खेले। गौतम रघुवंशी ने खराब गेंदों को निशाना बनाते हुए 25 गेंदों पर नाबाद 32 रनों की पारी खेली और टीम को एक और जीत तक पहुंचाया।

Exit mobile version