डीईओ ने दी सफाई, टंकण त्रुटिवश पत्र में अंकित हुआ था ‘कार्यालय कलेक्टर’
The DEO clarified that the letter had been marked 'Collector's Office' due to a typographical error.

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) जिला शिक्षा अधिकारी ने हाल ही में कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि विभागीय कार्य पूर्णतः नियमानुसार संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय प्रकरणों से संबंधित विभिन्न नस्तियां एवं प्रस्ताव अवलोकन एवं हस्ताक्षरार्थ समय-समय पर कलेक्टर को प्रस्तुत किए जाते हैं।

डीईओ के अनुसार इसी प्रक्रिया के दौरान जारी एक पत्र में टंकण एवं लिपिकीय त्रुटि के कारण “कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी” के स्थान पर “कार्यालय कलेक्टर” अंकित हो गया था। संबंधित पत्र विभागीय कार्यालय से ही जारी किया गया था और यह मात्र लिपिकीय त्रुटि थी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालय के सभी कार्य शासन के नियमों एवं निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप नियमित कर्मचारियों के माध्यम से संपादित किए जाते हैं। कार्यालयीन कार्यों के संचालन एवं समन्वय संबंधी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यालयीन अभिलेखों एवं दस्तावेजों का संधारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यालय में ही किया जाता है तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित शाखाओं को उपलब्ध कराया जाता है। वहीं सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण भी नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में किया जाता है। किसी प्रकरण में जानकारी संकलन अथवा अन्य प्रशासनिक कारणों से विलंब की स्थिति उत्पन्न होने पर उसका भी आवश्यक निराकरण किया जाता है।



