बीएसयूपी कॉलोनियों में बारिश में जल का भराव ना हो, इस हेतु आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करवाने के आयुक्त ने दिए निर्देश

रायपुर। नगर पालिक निगम के आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने बुधवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान जोन कमिश्नरगणों को मानसून की बारिश के दौरान नगर निगम क्षेत्र में स्थित बीएसयूपी आवासीय कॉलोनियों में जल का भराव ना होने पाये, इस हेतु आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करवाने निर्देशित किया है. आयुक्त ने पूर्व के वर्षों की तरह समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, सुन्दर नगर सहित अन्य आवासीय क्षेत्र की कॉलोनियों में बारिश के दौरान जल का भराव ना होने देने सुव्यवस्थित सफाई प्रबंधन सुनिश्चित करवाने के निर्देश जोन कमिश्नरों को दिये हैँ.
आयुक्त ने कहा कि बारिश में जल का भराव कहीं पर भी ना हो, इस हेतु सभी जोन कमिश्नरगण आवश्यक कदम उठाना प्राथमिकता से सुनिश्चित करवाएं. आयुक्त ने जिलाधीश रायपुर की अध्यक्षता में हाल ही में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिये गये सभी निर्देशों का पालन जोनवार सुनिश्चित करने जोन कमिश्नरगणों को निर्देशित किया. आयुक्त ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान रायपुर उत्तर, रायपुर पश्चिम, रायपुर दक्षिण, रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र हेतु की गयी सभी घोषणाओं को विधानसभावार शीघ्रता से पूर्ण करवाने शासकीय नियमानुसार प्रक्रिया के तहत निविदायें शीघ्र मांगवाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करवाने सभी जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियन्ताओं को निर्देशित किया. आयुक्त ने राजधानी शहर को जनसहभागिता एवं जनजागरूकता के माध्यम से हरा- भरा बनाने अधिक से अधिक संख्या में सुरक्षित स्थानों में पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश समाजहित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से दिये.
आयुक्त ने राजधानी शहर में स्ट्रीट लाईट प्रबंधन को चुस्त- दुरुस्त बनाने के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिये. आयुक्त द्वारा ली गयी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में अपर आयुक्त अभिषेक अग्रवाल, अरविन्द शर्मा, उपायुक्त कृष्णा देवी खटीक, ए. के. हालदार, राजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियन्ता विनोद देवांगन, हेमन्त शर्मा, राजेश शर्मा, प्रभारी अधीक्षण अभियन्ता ( जल) बद्री चंद्राकर, सभी जोन कमिश्नर गण, कार्यपालन अभियन्तागण, विभागों के प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित थे.


