रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अकवान के असर से हुई बारिश के बाद मौसम साफ बना हुआ है। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
प्रदेश में पिछले एक महीने के दौरान लगातार 3 तूफानों के कारण ठंड का सामान्य क्रम प्रभावित हुआ है। समुद्र से आई नमी के चलते बारिश और बादलों का दौर बना रहा।
इससे रात का तापमान गिरने के बजाय बढ़ गया। अब उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और आसमान साफ होने से रात में ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है।
उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के आसपास बना सिस्टम
उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है।
जगदलपुर सबसे गर्म, यहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी
रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 18 डिग्री रहा।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के प्रमुख आंकड़ों में दलदली में 3 सेमी, पत्थलगांव में 3 सेमी, बागबहरा में 1 सेमी, वाड्रफनगर में 1 सेमी, भैयाथान में 1 सेमी, जशपुरनगर में 1 सेमी और रामानुजगंज में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बादलों ने रोकी धरती की गर्मी, इसलिए पारा स्थिर
पिछले एक महीने में प्रदेश में अर्नब, मुरासु और अकवान तूफानों का असर रहा। इनके कारण समुद्र से लगातार नमी पहुंची और बारिश के साथ बादल छाए रहे।
सर्दियों में आसमान साफ रहने पर धरती की सतह से गर्मी विकिरण के जरिए तेजी से बाहर निकलती है। इससे रात का तापमान गिरता है। लेकिन बादल इस प्रक्रिया को बाधित करते हैं, जिससे रात अपेक्षाकृत गर्म रहती है।
दूसरी ओर, दिन में धूप कम मिलने से अधिकतम तापमान घट जाता है। बारिश के बाद वातावरण में मौजूद नमी और तापमान की अनुकूल परिस्थितियों से धुंध बनती है।
आसमान साफ होने के साथ बढ़ेगी ठंड
शनिवार रात और रविवार सुबह यही स्थिति रही। धुंध और कोहरे में मुख्य अंतर दृश्यता का है। दृश्यता एक किमी से कम होने पर कोहरा माना जाता है, जबकि एक किमी या अधिक होने पर धुंध की स्थिति होती है।
अब आसमान साफ होने से रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलेगी और न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ेगी।
