रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। विंध्य की ऐतिहासिक भूमि शुक्रवार को एक बार फिर गौरव और देशभक्ति की भावनाओं से सराबोर हो उठी, जब थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और जलसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी एक साथ अपनी जन्मभूमि रीवा पहुंचे।
नगर पालिक निगम रीवा द्वारा सैनिक स्कूल गेट पर स्थापित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम आधारित प्रतिमा का अनावरण इन दोनों ही सपूतों के हाथों संपन्न हुआ।
यह अवसर इसलिए भी ऐतिहासिक बन गया क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के नायक स्वयं उस थीम पर आधारित प्रतिमा के अनावरण में उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री जनार्दन मिश्रा और सांसद श्री गणेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अनावरण समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह क्षण विंध्य के गौरवशाली इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा, जब देश की थल और जल सेनाओं के प्रमुख अपने ही विद्यालय और अपने ही क्षेत्र की मिट्टी को नमन करने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व का प्रतीक है, जिसने पूरी दुनिया में भारत की सैन्य क्षमता का परचम लहराया।
इस अवसर पर दोनों सेना प्रमुखों ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए देश की एकता, अनुशासन और समर्पण की भावना को बनाए रखने का संदेश दिया।
उन्होंने सैनिक स्कूल रीवा के छात्रों और युवाओं से कहा कि देश की सेवा करने का अवसर समर्पण और मेहनत से ही मिलता है, और आने वाली पीढ़ी को इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति गीतों और बैंड की गूंज से वातावरण भावविभोर हो उठा। बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और पूर्व सैनिक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
समारोह में नगर निगम स्पीकर श्री व्यंकटेश पांडेय, संभागीय आयुक्त श्री बी.एस. जामोद, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, प्रभारी निगम आयुक्त श्री मेहताब सिंह गुर्जर, निगम उपायुक्त श्री प्रकाश द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री श्री सिद्धार्थ सिंह, पार्षदगण सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
