छत्तीसगढ़
नहर मे मिली सड़ी-गली युवती की लाश, 15 दिन से लापता छात्रा निकली मृतका
The body of a decomposed girl was found in a canal; the deceased was a student missing for 15 days.

निवास से 60 KM दूर शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका गहराई
लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। राजिम क्षेत्र के श्यामनगर–देवरी मार्ग पर ग्राम धुमा स्थित नहर मे बना पुल के अंदर एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रायपुर की रहने वाली 21 वर्षीय चंचल साहू के रूप में हुई है, जो पिछले 15 दिनों से लापता थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवती का शव उसके घर से करीब 55–60 किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में मिला है, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।
तेज बदबू से खुला मौत का राज
ग्रामीणों ने नहर मे लगे पुल से आ रही तेज दुर्गंध की सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक युवती का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि शुरुआती तौर पर पहचान कर पाना भी मुश्किल हो गया।
घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया गया और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। गांव के लोग सहमे हुए नजर आए और तरह-तरह की आशंकाएं जताने लगे।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई शिनाख्त
पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली। जांच में सामने आया कि मृतका चंचल साहू, रायपुर के संतोषी नगर की रहने वाली थी। वह बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी और 30 जनवरी को घर से बिना बताए निकली थी।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 31 जनवरी को टीकरापारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अब 15 दिन बाद उसकी लाश मिलना पूरे मामले को रहस्यमयी और भयावह बना रहा है।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूत्रों के मुताबिक शव पर संदिग्ध चोटों के निशान भी हो सकते हैं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, हर एंगल से जांच
पुलिस मृतका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में थी और आखिरी बार किससे बात हुई थी।
अमृत लाल साहू के नेतृत्व में राजिम थाना की टीम हर संभावित एंगल से जांच में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती को बहला-फुसलाकर यहां लाया गया या फिर जबरन अगवा कर हत्या की गई।
*इलाके में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल*
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं और उनकी मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।
कई सवाल खड़े करता मामला
युवती रायपुर से राजिम क्षेत्र तक कैसे पहुंची?
क्या वह किसी परिचित के साथ गई थी?
क्या यह सुनियोजित हत्या है या किसी और अपराध का नतीजा?
15 दिन तक शव कैसे नहीं मिला?
इन सवालों ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।



