छत्तीसगढ़

नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में बलरामपुर कांग्रेस ने किया मुख्यमंत्री का पुतला दहन

The Balrampur Congress burned an effigy of the Chief Minister in protest against the bulldozer action in Nakti village.

बलरामपुर/ रायपुर जिले के नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 85 परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने चांदो चौक पर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव के नेतृत्व एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष समीर सिंह देव के आयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों के घरों को तोड़कर उन्हें बेघर कर देना अमानवीय एवं संवेदनहीन कार्रवाई है।

कांग्रेस का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है। पार्टी ने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं न्याय उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया, तब मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच छीनाझपटी भी हुई। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम में रिपुजित सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, लालसाय मिंज, अमित यादव, रामदेव जगते, देवनारायण मरावी, संजीव गुप्ता, बुद्धदेव पोया, नवीन गुप्ता, शौकत अली, महमूद अंसारी, इंतखाब अंसारी, नीरज गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button