रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। सरकार की महत्वाकांक्षी जल-नल योजना का कार्य इन दिनों ग्राम पंचायत अतरैला के रहवासियों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। एनसीसी कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए बाजार क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन करीब 15 दिनों से चल रहे कार्य के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। हाल ही में सड़क किनारे ठेला लगाकर आजीविका चलाने वाला एक व्यक्ति गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों का कहना है कि पाइपलाइन कार्य के चलते कई दुकानों का कारोबार ठप हो गया है। पान की गुमटी संचालक पिछले 15 दिनों से दुकान बंद कर घर बैठने को मजबूर है, जिससे उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसके बावजूद कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कार्य में तेजी नहीं दिखाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि खुदाई के कारण बिजली लाइन के खंभे भी प्रभावित हुए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है। दूसरी ओर सड़क पर उड़ रही धूल से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एक स्थान से दूसरे स्थान तक पाइपलाइन डालने में 15 से 20 दिन का समय लगाया जा रहा है, जिससे आमजन और व्यापारियों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
