बिलासपुर में तलवारबाजी, ट्रेलर के शीशे तोड़े
Sword-wielding incident in Bilaspur; trailer's windshields smashed.

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा के पास रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ढाबा संचालक ने ट्रक चालकों पर तलवार से हमला कर दिया। घटना में दो चालक घायल हो गए, जबकि एक ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए गए। पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब में रहने वाले ट्रेलर चालक मक्खन सिंह (36) रायगढ़ से लोहे का माल लेकर पंजाब जा रहा था। वह चार जुलाई की रात अपने ट्रेलर के साथ सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास रुका था। रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे वह खाना खाने के लिए ढाबे की ओर जा रहा था। उसी दौरान ढाबा संचालक हैप्पी और कुछ अन्य लोगों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद बढ़ता देख मक्खन सिंह, सरदारा सिंह और ईशहाक खान बीच-बचाव करने पहुंचे। इससे नाराज होकर ढाबा संचालक हैप्पी ने तीनों को गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद वह ढाबे के अंदर से तलवार लेकर आया और सरदारा सिंह तथा ईशहाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया।
हमले में सरदारा सिंह की पीठ और ईशहाक खान के सिर पर चोट आई। इसके बाद हैप्पी ने मक्खन सिंह के ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।पीड़ित का आरोप है कि हमले के बाद आरोपी तलवार लहराते हुए तीनों को जान से मारने की धमकी भी देता रहा। घटना को ढाबे के आसपास मौजूद कई लोगों ने देखा और सुना।
घटना के बाद मक्खन सिंह ने सकरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



