छत्तीसगढ़

बालोद में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिला, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Swine flu positive found in Balod, health department alert

बालोद। जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का एक पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। नारायणा एमएमआई रायपुर में कराई गई जांच में जिले के 57 वर्षीय पुरुष में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज वर्तमान में रायपुर के अस्पताल में भर्ती होकर उपचाररत है।

जिला नोडल अधिकारी (आईडीएसपी) की ओर से 31 अगस्त को जारी पत्र में संबंधित विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी को तत्काल चिकित्सा दल भेजकर मरीज के संपर्क में आए व्यक्तियों की कॉन्टैक्ट सर्विलांस कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संपर्क में आए लोगों की चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जानकारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को भेजने कहा गया है।

एक सप्ताह तक विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के ग्राम/वार्ड में एक सप्ताह तक विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ अथवा अन्य संदिग्ध लक्षण वाले लोगों पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर जांच एवं उपचार की व्यवस्था करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अमले को संक्रमण की रोकथाम के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। मामले की जानकारी राज्य स्वास्थ्य सेवाएं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कलेक्टर तथा संभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई है।

दिशा निर्देश जारी- सीएमएचओ

सीएमएचओ जेएल ऊइके ने बताया कि कुछ दिन पहले एक केस एच1 एन1 का आया था। जो संक्रमित हैं, वो परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। जब लौटे तो उन्हें संक्रमण फैल चुका था और अभी रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं मितानिनों को स्वाइन फ्लू के बारे में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने कहा गया है। ताकि लोग सतर्क रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button