छत्तीसगढ़

सूरजपुर हादसा: मजदूरों से भरी गाड़ी पलटी

Surajpur accident: Vehicle carrying workers overturns.

सूरजपुर: मजदूरी कर घर लौट रहे श्रमिकों से भरी एक पिकअप सोमवार देर रात अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए, जिनमें चार से पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा गांव स्थित राइस मिल के समीप की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लैंगा खुटिया के डेढ़ दर्जन से अधिक मिस्त्री एवं मजदूर सोमवार को निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई कार्य के लिए भैयाथान गए हुए थे। कार्य समाप्त होने के बाद सभी मजदूर रात करीब नौ बजे एक मालवाहक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नेवरा गांव के समीप राइस मिल के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इससे वाहन सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय वाहन में करीब 19 लोग सवार थे।

पिकअप पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मजदूरों को हाथ, पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि चार-पांच लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। इनमें से एक घायल की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर परिवहन किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं हो रहा है। यह हादसा भी ऐसे ही जोखिमपूर्ण सफर का परिणाम माना जा रहा है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button