सुखदेव भगत करेंगे सीनियर नेताओं से बैठक

Sukhdev Bhagat will hold a meeting with senior leaders.

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा होगा। वे तीन दिन प्रदेश में रहेंगे।

इस दौरान सुखदेव भगत वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों और संगठन के अलग-अलग मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की तैयारियों को लेकर फीडबैक लेंगे।

सुखदेव भगत के दौरे के दौरान जोगी कांग्रेस के कांग्रेस में विलय को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक

दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।

साथ ही आगामी कार्यक्रमों और पार्टी के अभियानों को लेकर नेताओं से जानकारी ली जाएगी। मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक भी प्रस्तावित है।

जिला-ब्लॉक स्तर के संगठन की भी जानकारी लेंगे

सुखदेव भगत जिला और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस संगठन की स्थिति की जानकारी लेंगे। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हो सकती है।

हालिया संगठनात्मक बदलावों के बाद प्रभारी का यह पहला प्रदेश दौरा है। ऐसे में बैठकों में संगठन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

जोगी कांग्रेस के विलय पर भी चर्चा संभव

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के कांग्रेस में विलय का मुद्दा भी सुखदेव भगत के दौरे के दौरान चर्चा में आ सकता है। रेणु जोगी और अमित जोगी की ओर से कांग्रेस में वापसी और पार्टी के विलय को लेकर प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है।

कांग्रेस की अनुशासन समिति की ओर से इस मामले में अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी के साथ होने वाली बैठकों में इस मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।

सुखदेव भगत को सितंबर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे झारखंड के लोहरदगा से सांसद रह चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ का यह उनका पहला संगठनात्मक दौरा होगा।

Exit mobile version