छत्तीसगढ़

स्टील मेल्टिंग शॉप–3 में ‘राष्ट्रीय कर्मयोगी’ कार्यशाला का सफल आयोजन

Successful organization of 'National Karmayogi' workshop at Steel Melting Shop-3

भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–3 में कर्मचारियों के मध्य मिशन कर्मयोगी के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य ‘राष्ट्रीय कर्मयोगी अभियान’ के अंतर्गत कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित करना तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप–3) श्री त्रिभुवन बैठा, महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (स्टील मेल्टिंग शॉप–3) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस, महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप–3) श्री डी.के. वार्ष्णेय, उप महाप्रबंधक (एच.आर.-एल एंड डी) श्री यशवंत जौहरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री त्रिभुवन बैठा ने ‘राष्ट्रीय कर्मयोगी अभियान’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे कर्मयोगी पोर्टल का नियमित अवलोकन करें तथा निर्धारित समयानुसार सभी मॉड्यूल एवं असाइनमेंट पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों के क्षमता विकास, कार्यकुशलता एवं संगठनात्मक उत्कृष्टता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक श्री यशवंत जौहरी ने ‘राष्ट्रीय कर्मयोगी’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए पोर्टल पर उपलब्ध मॉड्यूल, पंजीकरण प्रक्रिया, मूल्यांकन प्रणाली तथा समयबद्ध पूर्णता के महत्व को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान उप महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री कमल किशोर को कर्मयोगी पोर्टल के सभी छह मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। उनकी यह उपलब्धि अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य करेगी।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री उमाशंकर परगनिहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का निराकरण किया गया।

Related Articles

Back to top button