सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास (एचआर–एल एंड डी) विभाग द्वारा उद्योग–शैक्षणिक सहयोग एवं कौशल विकास को सुदृढ़ करने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं हेतु संरचित ऑन द-जॉब प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को व्यवहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करते हुए सैद्धांतिक ज्ञान एवं कार्यस्थल की वास्तविक आवश्यकताओं के मध्य अंतर को कम करना है।
दिनांक 15 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस चार सप्ताह के औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग (आरएसी) ट्रेड के 17 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को एकीकृत इस्पात संयंत्र की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा शॉप-फ्लोर प्रक्रियाओं की व्यापक जानकारी प्रदान की जा रही है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन सेक्शन एसोसिएट श्री शोभराज सिन्हा एवं प्रशिक्षण अधिकारी (आरएसी) श्री अनिल कुमार नेताम द्वारा किया जा रहा है, जो प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रभावी क्रियान्वयन एवं ज्ञान हस्तांतरण सुनिश्चित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को विभिन्न औद्योगिक प्रणालियों एवं प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनमें व्यावहारिक दक्षता का विकास हो तथा कार्यस्थल की गतिशीलताओं की बेहतर समझ विकसित हो सके। यह पहल अनुभवात्मक अधिगम पर आधारित है, जो प्रतिभागियों की रोजगार क्षमता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।
मानव संसाधन- ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा इस प्रशिक्षण संरचना को युवा तकनीकी प्रतिभाओं के संवर्धन एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ संस्थागत समन्वय को मजबूत करने के व्यापक दृष्टिकोण के अंतर्गत विकसित किया गया है। यह कार्यक्रम भविष्य के कुशल मानव संसाधन के निर्माण की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।
बीएसपी में आईटीआई (आरएसी) प्रशिक्षुओं हेतु संरचित औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
Structured Industrial Training Programme for ITI (RAC) trainees launched in BSP
