मौदहापारा संडे बाजार में सख्ती: सुबह 10 बजे के बाद दुकान लगाई तो होगी कार्रवाई
Strict action will be taken in Maudhapara Sunday market: If shops are set up after 10 am

रायपुर। मौदहापारा में लगने वाले संडे बाजार में रविवार को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सड़क पर दुकान लगाने वाले फेरीवालों को मुख्य मार्ग से खाली कराया गया। दुकानदारों के 20 ठेले हटवाए गए और 10 टेबल-पलंग जब्त किए गए। वहीं मौदहापारा के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं, जिसके तहत बाजार अब केवल सुबह 10 बजे तक लगेगा और दुकानदारों को सफेद लाइन के भीतर ही रहना होगा।
मौदहापारा का संडे बाजार दशकों पुराना है। शुरुआत में यहां केवल कुछ स्थानीय फेरीवाले ही बैठते थे, लेकिन समय के साथ ग्राहकों की संख्या और ठेलों का विस्तार बढ़ता गया। केके मार्ग के संकरा होने के बावजूद दुकानें सड़क के बीच तक फैलने लगीं, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया। विशेषकर त्योहारों और सीजन के समय अव्यवस्था चरम पर पहुंच जाती है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की लगातार शिकायतों के बावजूद यहां कोई स्थायी व्यवस्था नहीं बन पाई।
संडे बाजार की अव्यवस्था को दूर करने के लिए पिछले वर्षों में भी कई अभियान चलाए गए। ठेले हटाए गए और सफेद लाइन के भीतर बैठने की लक्ष्मण रेखा भी खींची गई, लेकिन सख्ती कम होते ही दुकानदार फिर से सड़क पर काबिज हो जाते थे। गंदगी और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रही। इसी ढीले रवैये को देखते हुए इस बार प्रशासन ने न केवल जब्ती की कार्रवाई की, बल्कि पहचान पत्र अनिवार्य करने और समय सीमा तय करने जैसे कड़े फैसले लिए हैं।
अब बाजार की सीमा थाना से मस्जिद तक निर्धारित कर दी गई है। सुबह 10 बजते ही कारोबार समेटना अनिवार्य होगा। सभी फेरीवालों के लिए पहचान पत्र रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि बाहरी तत्वों पर नजर रखी जा सके।


