छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर इस्पात बिरादरी ने वरिष्ठजनों का किया सम्मान

Steel fraternity honours senior citizens on International Day of Older Persons

भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा संचालित भिलाई इस्पात सियान सदन में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 1 अक्टूबर 2025 को अन्तरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान, विशेष भजन कार्यक्रम तथा रहवासियों के मनोरंजन हेतु विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार उपस्थित थे। उनके साथ श्री जे.एन. ठाकुर, एक्टिंग मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्री ए.बी. श्रीनिवास, एक्टिंग मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर), महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे, महाप्रबंधक (उद्यानिकी विभाग) डॉ. नवीन कुमार जैन, महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री प्रशांत तिवारी, डॉ. निशि मिंज तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। सीएसआर विभाग से महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन, उपमहाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, उपप्रबंधक श्री के.के. वर्मा एवं सुश्री के.वी. विजयालक्ष्मी भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित कर मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार द्वारा किया गया। प्रातःकाल सियान सदन परिसर के वरिष्ठजनों का गुलाब भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें स्नेह भरे अभिवादन के साथ वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।
मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए उनके लिए और अधिक सुविधाएँ मुहैया कराने तथा उनके जीवन को सुखद एवं आनंदमय बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य साईं सेवा मंडली द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। वरिष्ठ नागरिकों को उपहार प्रदान किए गए तथा उन्हें अपने मनपसंद विषयों पर प्रस्तुतियाँ देने हेतु मंच उपलब्ध कराया गया। सियान सदन में रहने वाले वरिष्ठजनों ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर किया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए लंच की व्यवस्था की गई तथा 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजन बी.एल. ढींगरा और बांगा जी का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन ने वरिष्ठजनों के भविष्य को और अधिक आरामदायक बनाने हेतु विभाग द्वारा किए जा रहे नवीन प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उपप्रबंधक (सीएसआर) श्री के.के. वर्मा ने किया। इस कार्यक्रम की सफलता में पाल देशलहरा, बुधेलाल, ए.के. सोनी, माहराराम, ललिता धनकर सहित सियान सदन के सचिन, चन्दन, असरफ, जोसफ, प्रदीप, अंजू एवं समस्त रहवासियों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button