रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
सिरमौर पुलिस की अपील— OTP, बैंक डिटेल और पिन किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
रीवा/सिरमौर। ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों के बीच सिरमौर थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने नागरिकों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराधी लोगों की छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर बैंक खाते खाली कर रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। OTP, एटीएम पिन, बैंक पासवर्ड और अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालच, संदिग्ध वेबसाइटों और ऑनलाइन ऑफरों से विशेष सावधानी बरतें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका हो या घटना घटित हो जाए तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण संभव है। आपकी एक छोटी-सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई और डिजिटल पहचान दोनों को सुरक्षित रख सकती है। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों के मंसूबों पर सबसे बड़ा प्रहार है।
