गाना बजाने के विवाद में चाकूबाजी, रायपुर की पॉश सोसायटी में प्रॉपर्टी डीलर के बेटों पर हमला

Stabbing in dispute over playing music, property dealer's sons attacked in posh Raipur society

रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसायटी में रविवार देर रात गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांच आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलर के बेटों पर हमला करते हुए चाकू मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ितों की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल युवकों के नाम सोजल थावरे और आर्यन थावरे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसायटी के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट में रहते हैं। रविवार शाम उनके फ्लैट में गाना बज रहा था और आवाज तेज होने के कारण रात करीब 9 बजे दूसरे ब्लॉक में रहने वाले चार से पांच लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और गाना बंद करने को कहा।

जब युवकों ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और घर में तोड़फोड़ भी की। इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। जान बचाने के लिए दोनों युवक सोसायटी की नौवीं मंजिल पर जाकर छिप गए। इस दौरान आसपास के लोग बाहर निकलने लगे तो आरोपी उन्हें भी धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात के बाद सभी हमलावर फरार हैं और उनकी पहचान के लिए सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद सोसायटी के रहवासियों में दहशत का माहौल है।

Exit mobile version