हेमलता को न्याय दिलाने सपा का डभौरा थाने के सामने धरना, एसआईटी प्रभारी बदला; अनशन स्थगित
SP stages sit-in outside Dabhaura police station to demand justice for Hemlata; SIT in-charge replaced; hunger strike suspended.

रीवा मप्र| रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा/डभौरा। एक माह से अधिक समय से लापता फूलचंद आरख की तलाश और उनकी बेटी हेमलता आरख को न्याय दिलाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने रविवार को डभौरा थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव जगदीश सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित धरने में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरने के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल ने पुलिस अधीक्षक रीवा से चर्चा की। इसके बाद प्रशासन के आश्वासन पर हेमलता आरख का आमरण अनशन राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल और नायब तहसीलदार रावेंद्रधर द्विवेदी ने जूस पिलाकर स्थगित कराया।
धरना स्थल पर मौजूद एसडीओपी नारायण सिंह कुमरे ने पूर्व गठित एसआईटी में बदलाव करते हुए डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह को टीम के प्रभारी पद से हटाकर जवा थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर को एसआईटी का नया प्रभारी नियुक्त करने की जानकारी दी।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फूलचंद आरख का जल्द पता नहीं लगाया गया और हेमलता को न्याय नहीं मिला, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल ने सरकार, क्षेत्रीय विधायक और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
धरने के दौरान हेमलता आरख ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जिस पार्टी ने उनका साथ दिया, अब वह उसी पार्टी के साथ रहकर न्याय की लड़ाई लड़ेंगी।
धरना समाप्त होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सुधीर आदिवासी प्रकरण, रामनगर के आदिवासियों से जुड़े मामलों, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया गया।
धरना-प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारियों, महिला नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।



