मां पर हमले से भड़का बेटा, मामा की हत्या

Son enraged by attack on mother, kills maternal uncle

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रवई बीजापारा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मां को पीटता देख गुस्साए बेटे ने अपने ही मामा की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

केवाईसी कराने गए थे मां-बेटा

जानकारी के मुताबिक, आरोपी छन्दना कोरवा उर्फ छन्ना (21) अपनी मां बयालो बाई और गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ आधार कार्ड व राशन कार्ड का केवाईसी कराने गया था। काम नहीं हो पाया तो सभी लोग ग्राम रवई बीजापारा में मंगल राम कोरवा के घर रुक गए।

धान को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत डुमरडीह के पहाड़ी पर चउरपानी लाइनपारा बस्ती है। कोरवा बहुल इस बस्ती में मृतक जम्हीर राम ने धान की खेती की थी। इसकी देखभाल और कटाई-मिंजाई का जिम्मा उसने अपनी बहन बयालो बाई व अन्य लोगों को दिया था।

18 नवंबर को जम्हीर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ पेशी पर अंबिकापुर आया था। इधर बयालो बाई अपने बेटे छन्दना सहित अन्य महिलाओं के साथ केवाईसी कराने ग्राम पंचायत डुमरडीह आ गई थीं। काम नहीं हुआ तो वे घर जाने के बजाय रवई बीजापारा में मंगल राम कोरवा के घर रुक गईं।

मां पर कड़ा से किया वार

शाम को जम्हीर अंबिकापुर से लौटा। उसे पता चला कि धान को खेत में ही छोड़ दिया गया है और जिन लोगों को देखभाल की जिम्मेदारी दी थी, वे घर नहीं लौटे हैं। इस पर वह आगबबूला हो गया और सीधे मंगल कोरवा के घर पहुंच गया।

वहां उसने सभी को धमकाना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि चउरपानी लाइनपारा के घर क्यों वापस नहीं गए, धान को कौन देखेगा, उसे नुकसान उठाना पड़ेगा। महिलाओं और आरोपी ने समझाया कि आज केवाईसी नहीं हो पाया, कल होगा, इसलिए रुक गए। लेकिन जम्हीर ने उनकी बात नहीं मानी और आरोपी की मां बयालो को अपने दाहिने हाथ में पहने कड़ा से आंख के ऊपर मार दिया, जिससे खून निकलने लगा।

टांगी से किया हमला, मौके पर ही मौत

मां को मारता देख बेटा गुस्से में आ गया। उसने टांगी से मामा पर प्रहार कर दिया। इससे जम्हीर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी टांगी को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया।

अगले दिन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। धौरपुर थाना प्रभारी सीआर चंद्रा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। मां को मारने के कारण ही बेटे ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया है।

Exit mobile version