जेल से निकले आरोपी के समर्थन में नारे

Slogans in support of the accused released from jail

रायपुर। रायपुर में गौ तस्करी के शक में सतनामी समाज के व्यक्ति के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जाति सूचक टिप्पणी करने पर कथित गौ-सेवक अमरदीप शर्मा उर्फ गोल्डी शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। अब मंगलवार को जमानत मिलने के बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया है।

जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने उनका स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान “देखो-देखो शेर आया” और “जय श्रीराम” जैसे नारे भी लगाए गए। गोल्डी शर्मा पिछले 17 दिनों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था।

दरअसल, रायपुर जिले के आरंग विकासखंड की गुदगुदा ग्राम पंचायत में सतनामी समाज के सदस्य बलराम कुर्रे के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में गोल्डी शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी किसान के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और धमकी देते नजर आए थे।

भैंसों से भरे वाहन को रोकने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, गांव में भैंसों से भरे एक वाहन को रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर बलराम कुर्रे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा। पीड़ित पक्ष ने जाति सूचक टिप्पणी करने की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद सतनामी समाज में नाराजगी बढ़ गई थी। बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने गोल्डी शर्मा और उसके अन्य साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद मंगलवार को गोल्डी शर्मा जेल से रिहा हो गया।

Exit mobile version